27 जनवरी 2019 - 16:53
क़तर में तालेबान व अमरीका के बीच चौथे चरण की वार्ता विफल

तालेबान गुट के प्रवक्ता ने बताया है कि क़तर मे इस गुट के प्रतिनिधियों के साथ अमरीका की वार्ता बिना किसी परिणाम के समाप्त हो गई है।

ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि क़तर की राजधानी दोहा में गत सोमवार से आरंभ होने वाली वार्ता शनिवार को समाप्त हो गई और इसका कोई परिणाम नहीं निकला। उन्होंने कहा कि जब तक अमरीका के नेतृत्व वाली विदेशी सेनाएं अफ़ग़ानिस्तान से बाहर नहीं निकल जातीं तब तक इस तरह की वार्ता का कोई लाभ नहीं है। तालेबान के प्रवक्ता ने इसी तरह अफ़ग़ानिस्तान के मामलों में अमरीका के विशेष प्रतिनिधि ज़लमइ ख़लील ज़ाद के इस दावे को भी ख़ारिज कर दिया कि डेढ़ साल के भीतर अफग़ानिस्तान में शांति विराम व इस देश से अमरीकी सैनिकों के बाहर निकलने के बारे में सहमति हो गई है। ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि इस तरह के दावे जनमत को धोखा देने के लिए किए जाते हैं।

 

इस बीच अमरीकी विदेश मंत्री ने कहा है कि उनका देश अफग़ानिस्तान से अपनी सेना को बाहर निकालने की कोशिश में है। माइक पोम्पियो ने अपने एक ट्वीट में दावा किया है कि अमरीका, अफग़ानिस्तान में शांति स्थापना, इस देश को आतंकवाद के प्रसार के केंद्र में बदलने से रोकने और अपने सैनिकों को स्वदेश वापस बुलाने के संबंध में गंभीर है। उन्होंने कहा है कि अमरीका, अफग़ानिस्तान की सरकार व अन्य संबंधित पक्षों के साथ काम करके इस देश में संप्रभुता, स्वाधीनता व संपन्नता को मज़बूत बनाना चाहता है।